बहुमत नहीं मिला तो विपक्ष में बैठेगी भाजपा: नितिन गडकरी

0
100

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी उप्र चुनाव में बहुमत नहीं मिलने पर किसी दल से गठबंधन करने के बजाय विपक्ष में बैठना पसंद करेगी।

[adrotate banner="3"]

गडकरी ने जफराबाद क्षेत्र में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि भाजपा चुनाव बाद अपने बलबूते पर सरकार बनाएगी, और अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह किसी भी दल से न तो गठबंधन करेगी और न ही समर्थन देकर सपा अथवा बसपा की सरकार बनवाएगी।

सपा और कांग्रेस को परिवारवाद की डोर थामकर चलने वाली पार्टियां बताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की आखिरी इच्छा है कि उनका बेटा अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बन जाए। इसके अलावा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली में भ्रष्टाचार करने के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी भ्रष्टाचार की बारात निकालना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें परिवारवाद नहीं चलता। इस पार्टी में कोई भी सामान्य कार्यकर्ता मेहनत के बल पर शिखर पर पहुंच सकता है।

[adrotate banner="2"]