फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा वेदांता हॉस्पिटल, फर्रुखाबाद में न्यूरो एवं कार्डियो परामर्श सेवा का शुभारंभ किया गया है।
इस नई सुविधा के तहत अब प्रत्येक माह के पहले शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को परामर्श देंगे। इससे जनपद के लोगों को बड़े शहरों की भागदौड़ से राहत मिलेगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।
इस सेवा का विशेष लाभ गरीब एवं असहाय मरीजों को मिलेगा, जिनके लिए परामर्श निःशुल्क रखा गया है। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के
उपचार की व्यवस्था विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत सुनिश्चित की जाएगी। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ की इस पहल को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्थानीय मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. आशुतोष यादव (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. विपिन साहू (न्यूरो विशेषज्ञ) एवं डॉ. विपुल अग्रवाल (निदेशक, वेदांता हॉस्पिटल) उपस्थित रहे। इसके अलावा मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के सीनियर मैनेजर आनंद सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद में न्यूरो व कार्डियो परामर्श सेवा शुरू, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा




