फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खलवारा निवासी जयसरथ सिंह यादव, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान एवं रिटायर्ड फौजी बताए जा रहे हैं, संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए फर्रुखाबाद स्थित डॉ. हरदत्त द्विवेदी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल के भाई रामकिशोर यादव ने बताया कि जयसरथ सिंह यादव घर के बाहर चारपाई पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब तक परिजन नीचे पहुंचे, तब तक वह गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े मिले। मौके पर एक रिवाल्वर भी चारपाई पर पड़ी मिली। परिजनों के अनुसार उनके सिर में तीन गोलियां लगी हैं।घटना के समय उनकी पत्नी सुनीता समेत अन्य परिजन घर की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे। गोली की आवाज सुनकर जब वे नीचे आए तो जयसरथ सिंह यादव गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. हरदत्त द्विवेदी ने बताया कि घायल का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एक्स-रे और ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।जानकारी के अनुसार घायल का पुत्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों एवं शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी के लिए मेरापुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन किए जाने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। पूरा मामला मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खलवारा का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य को तीन गोली लगने से हालत गंभीर





