फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड के पास मंगलवार को जीजा-साले के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बातचीत के लिए बुलाए गए जीजा पर साले ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सैनिक कॉलोनी निवासी अजय पुत्र रामनरेश चौहान को उसके साले भोला सिंह राठौर निवासी गुजराती वाली गली ने बातचीत के लिए पुराने बस स्टैंड के पास बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी
दौरान भोला सिंह ने जेब से चाकू निकालकर अजय पर हमला कर दिया।चाकू लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कपड़े खून से लथपथ हो गए और मौके पर हड़कंप मच गया। कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचाया। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार विवाद की वास्तविक वजह और चाकू से हमला करने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाही की जाएगी।



