फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के बाहर रखे जनरेटर में शनिवार पूर्वाह्न अचानक धुआं उठने और चिंगारियां निकलने से अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना लगभग सवा 11 बजे की है। बैंक के बाहर रखे जनरेटर से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में चिंगारियां दिखाई देने लगीं। जनरेटर से धुआं उठता देख बैंक परिसर में मौजूद कर्मचारियों, ग्राहकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों ने बिना देर किए बैंक में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने में सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते जनरेटर की वायरिंग में तकनीकी खराबी आने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो आग आसपास के क्षेत्र में फैल सकती थी।
घटना के दौरान ठंडी सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। जनरेटर से धुआं उठता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे आवागमन बाधित हुआ। बाद में स्थिति सामान्य होने पर यातायात सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया। हालांकि बैंक प्रशासन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
पीएनबी शाखा के बाहर जनरेटर से उठा धुआं, कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

