गेहूं की फसल बर्बाद होने से टूट गया किसान, जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत

0
185

फर्रुखाबाद:(कंपिल/फर्रुखाबाद) थाना कंपिल क्षेत्र के गांव बहगीपुर निवासी 27 वर्षीय किसान दूरबीन पुत्र नेत्रपाल की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार दूरबीन ने शुक्रवार देर शाम किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान रात करीब 9:30 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतक की करीब 10 से 12 बीघा गेहूं की फसल खराब हो गई थी, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। फसल बर्बाद होने के बाद वह काफी समय से तनाव में चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में मां छुहारा देवी, पत्नी पूजा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]