पांचाल घाट गंगा पुल पर खतरनाक गड्ढे, रोज़ाना हादसे, प्रशासन की अनदेखी से बढ़ा खतरा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद के पांचाल घाट गंगा पुल पर इन दिनों हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। पुल के कई जॉइंट खुल जाने से जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों के कारण संतुलन खोकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब छह माह पहले रामनगरिया मेले से पहले पुल की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इतने कम समय में ही पुल की स्थिति फिर से जर्जर हो गई। गड्ढों की गहराई इतनी अधिक है कि बाइक और साइकिल सवारों के लिए यह पुल जानलेवा साबित हो रहा है।लोगों का कहना है कि रोजाना सैकड़ों की संख्या में राहगीर इस पुल से गुजरते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए न तो कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही मरम्मत की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।इसी बीच पड़ोसी जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की चर्चा है। एक ओर बड़े विकास कार्यों का उद्घाटन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर फर्रुखाबाद में बुनियादी ढांचे की अनदेखी आम लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए और गड्ढों को भरवाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं।