पहली बार सपा सरकार में नरेंद्र को राज्यमंत्री की शपथ

0
134

फर्रुखाबाद: सूबे के 33वें मुख्यमंत्री के तौर पर गुरुवार को सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 19 कैबिनेट व 29 राज्यमंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण कर ली है। अखिलेश राज्य के ऐसे पहले मुख्यमंत्री भी हैं जिनके पिता मुलायम सिंह यादव भी इस पद पर आसीन रह चुके हैं। किसी सपा मंत्रिमंडल में पहली बार जनपद से नरेंद्र सिंह यादव को राज्यमंत्री के तौर पर स्थान दिया गया है।

[adrotate banner="3"]

राज्यपाल बीएल  जोशी ने महानगर स्थित ला मार्टीनियर कालेज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री अखिलेश और उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों को पद और गोपनीयता का हलफ दिलाया।  अखिलेश के साथ 19 मंत्रियों ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। इनमें आजम खां, शिवपाल सिंह यादव, अहमद हसन, वकार अहमद शाह, राजा अरिदमन सिंह, आनंद सिंह, अम्बिका चौधरी, रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, बलराम यादव, अवधेश प्रसाद, ओमप्रकाश सिंह, पारसनाथ यादव, रामगोविंद चौधरी, दुर्गाप्रसाद यादव, कामेश्वर उपाध्याय, राजाराम पाण्डेय, राजकिशोर सिंह, ब्रह्माशंकर त्रिपाठी तथा शिव कुमार बेरिया शामिल हैं।  इसके साथ ही अखिलेश यादव सरकार के 29 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली । इनमें फर्रुखाबाद के अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नरेंद्र सिंह यादव को भी सम्मिलित किया गया है।

अखिलेश के शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण  आडवाणी, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारुक अब्दुल्ला, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) मुखिया चंद्रबाबू नायडू, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, केंद्रीय मंत्री शरद पवार और तृणमूल कांग्रेस नेता सुल्तान अहमद सहित कई राजनीतिक दिग्गज और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, उनकी पत्नी जया बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, सुब्रतो राय सहारा, संजय डालिमया जैसी हस्तियां शिरकत करने पहुंची।

[adrotate banner="2"]