नवमी पर घरों में कन्या भोज, जगह-जगह हुए भंडारे

0
222


फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) चैत्र नवरात्र की नवमी पर घर-घर कन्या भोज के आयोजन हुए। विधि-विधान से माता रानी का पूजन कर नौ दिन व्रत रखे जातकों ने उपवास खोला। नवरात्र समापन पर माँ जगदंबा विदा हुईं। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का जमावड़ा सुबह से लेकर देर रात तक लगा रहा। जय माता दी के उद्घोष गूंजते रहे। जगह-जगह भंडारे के आयोजन हुए।
नवरात्र की नवमी पर श्रद्धालुओं ने मां शक्ति का पूजन-अर्चन विधि-विधान से किया। अहले सुबह से ही घरों में लोग जाग गए और पूजन की तैयारियों में जुट गए। पूजा करने के बाद भक्तों ने कन्याओं को बुलाकर भोज कराया। किसी ने पूड़ी-सब्जी, खीर तो किसी ने दही जलेबी से कन्याओं को भोज कराया। टिफिन, रूमाल, प्लेट, ग्लास आदि के साथ ही दक्षिणा भेंट कर भक्तों ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। कन्या भोज कराने के बाद नौ दिन व्रत रखे लोगों ने प्रसाद छका और फिर व्रत खोला। नवमी पर शीतला देवी मंदिर बढ़पुर में तड़के से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। भीड़ होने पर लाइन लगाकर भक्तों ने दर्शन किए। श्री संतोषी माता मंदिर बढ़पुर, रेलवे रोड स्थित मठिया देवी, वैष्णों देवी मंदिर भोलेपुर, गुरुगांव देवी मंदिर खंदिया और श्री गमा देवी माता मंदिर फतेहगढ़ में भी भक्तों की भीड़ रही। 
राजेपुर थानें में कराया गया कन्या भोज

राजेपुर संवाददाता: राजेपुर थाना परिसर में रामनवमी पर अपराध निरीक्षक मोहम्मद कामिल खान के नेतृत्व में कन्या भोज कराया गया| अपराध निरीक्षक ने स्वयं अपने हाथों से खीर पूरी प्रसाद कन्याओं को भोजन कराया| उन्होंने बताया कि इससे पहले भी जनपद इटावा थाने में तैंनाती के दौरान भी कन्या भोज कराया था| वह हर वर्ष रामनवमी पर कन्या भोज जरूर करते हैं| उन्होंने कन्याओं को तिलक लगा उपहार भेंट किये| थानाध्यक्ष रणविजय सिंह,एसआई राजीव कुमार, एसआई उदय नारायण शुक्ला आदि रहे|

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]