द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम में रुद्राभिषेक को उमड़ा आस्था का सैलाब

0
5

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के पुराना कोठा पार्चा स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम बाबा महा मंगलेश्वर नाथ महाराज मंदिर में रविवार 23 अगस्त को भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2 बजे आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजता रहा। रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान महादेव का पूजन किया। भक्तों ने शिवलिंग पर पवित्र जल अर्पित करने के साथ ही बेलपत्र, पुष्प, बेल, धतूरा, शमी पत्र आदि चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना की। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा महा मंगलेश्वर नाथ महाराज से आशीर्वाद मांगा। रुद्राभिषेक का धार्मिक अनुष्ठान आचार्य श्री राम बाबू दुबे (शास्त्री जी) के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न कराया गया। मंत्रोच्चार और वैदिक विधियों के बीच हुए पूजन से मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया।आचार्य श्री राम बाबू दुबे ने भगवान शिव की आराधना में रुद्राभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान शिव की उपासना भक्तों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। सावन के पावन माह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक करने से भक्तों में विशेष आस्था और श्रद्धा का संचार होता है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही। भक्तों ने भगवान महादेव के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय नजर आया। धार्मिक अनुष्ठान में बंटू वर्मा, अनुज दुबे, विवेक सारस्वत, गौरव अग्रवाल, आदर्श मिश्रा, प्रदीप त्रिपाठी, अजय शुक्ला, आशीष कटियार, योगेश मिश्रा ‘मुन्ना भैया’, राजीव पांडेय, रामजी बाजपेयी, निर्दोष शुक्ला रहे |

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]