दो शातिर चोरों को दबोचा, वॉशिंग मशीन व एसी समेत चोरी का सामान बरामद

0
35

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एलजी कंपनी की वॉशिंग मशीन, विंडो एसी, स्टेबलाइजर तथा 1,165 नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को ग्राम भूपत नगला रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी चोरी के दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान की गई। बरामद सामान चोरी का होना पाया गया है। आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ग्राम रसीदपुर निवासी हरनाथ सिंह ने सिटिजन सर्विसेज पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कायमगंज मार्ग स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोर इनवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इसी क्रम में मोहल्ला चीनीग्राम निवासी सुजाता भारद्वाज ने भी अपने घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा तथा रसोई का अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इन दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। उपनिरीक्षक विनीत कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]