दीवाली के बाद ही ठंड देगी दस्तक, निकलेंगे गर्म कपड़े

0
128

फर्रुखाबाद: मौसम के तीखे मिजाज से जल्द राहत की उम्मीद नहीं दिख रही है। मानसून के बदलते तेवर और उमस के कारण लोग पिछले एक सप्ताह से परेशान है। दिन और रात के तापमान में काफी अंतर है जिससे बीमारियों ने भी अपना जाल फैलाना शुरू कर दिया है। हालांकि मौसम विज्ञानियों की मानें तो दीवाली के बाद ही ठंड पूरी तरह दस्तक देगी और मौसम खुशनुमा बनेगा।

[adrotate banner="3"]

फिलहाल दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है जबकि रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। चटख धूप के कारण जहां दिन में हवाओं से नमी गायब हो गई है वहीं रात में हवाएं सिहरन पैदा करने लगती है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ रहा है। उमस के कारण लोगों को आक्सीजन भी कम मिल पा रही है। इससे श्वांस से संबंधित रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। मौसम का यह मिजाज अभी एक पखवाड़े और बना रहेगा। तीखी धूप और रात में ओस गिरने के पूरे आसार दिख रहे है। मौसम विज्ञानी डा. विश्वरूप मेहरा के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास फर्क नहीं आएगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हवाएं नहीं चलेंगी जिससे उमस का सामना करना पड़ सकता है। आसमान में छिटपुट बादल तो दिखेंगे लेकिन बूंदाबांदी के आसार नहीं हैं। इसलिए बादलों की आवाजाही से गर्मी में कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है।

[adrotate banner="2"]