दीपावली की रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चली गोली; युवक घायल

0
13

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के खटकपुरा जर्दा गेट स्थित बक्सा वाली गली में दीपावली की देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान तमंचे से चली गोली लगने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार मोहल्ला गणेश प्रसाद निवासी अभिषेक सैनी (25) पुत्र शैलेंद्र सैनी दीपावली की रात अपने एक दोस्त के घर मिठाई देने गए थे। वहां से वह अपने पैतृक घर बूरावाली गली की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ दिन पहले हुए विवाद की रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच एक पक्ष के कुछ अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से गोली चला दी, जो अभिषेक के पैर में जा लगी।गोली लगते ही अभिषेक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें रात करीब 11:30 बजे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]