दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को मारकर लटकाया, फरार

0
110

फर्रुखाबादः नगर क्षेत्र के मोहल्ला नितगंजा में आदित्य गुप्ता की नव विवाहिता पत्नी प्रीती गुप्ता का शव मंगलवार को लटकता मिला। प्रीती के परिजनों ने ससुरालीजनों के विरुद्व दहेज के लिए प्रीती की हत्या कर शव लटकाये जाने की शिकायत की है।

[adrotate banner="3"]

लालसराय के निकट स्थित मोहल्ला नितगंजा निवासी आदित्य गुप्ता का विवाह मात्र 8 माह पूर्व 21 जून 2011 को गुरसहायगंज निवासी अनीस चन्द्र गुप्ता की पुत्री प्रीती से हुआ था। मंगलवार को प्रीती का शव लटकता पाया गया।
ससुरालीजनों ने प्रीती के आत्महत्या कर लिये जाने की बात कही। इसी बीच सूचना पर गुरसहायगंज से यहां पहुंचे  प्रीती के परिजनों ने शव को देखते ही हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि ससुरालीजन शुरू से ही अधिक दहेज की मांग के लिए प्रीती का उत्पीड़न कर रहे थे। इन लोगों ने ही प्रीती की हत्या कर शव को लटकाया है और आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रहे हैं।

मृत प्रीती के भाई पारस गुप्ता ने बताया कि प्रीती ने कई बार हमें फोन करके ससुराल में मारपीट व उत्पीड़न होने की बात कही थी। तकरीबन आठ दिन पूर्व हम प्रीती को अपने साथ गुरसहायगंज ले आये थे। तीन दिन गुरसहायगंज में रुकने के बाद प्रीती तकरीबन पांच दिन पूर्व अपनी ससुराल आ गयी। प्रीती की ससुराल में उसके ससुर रामसेवक गुप्ता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। ससुराल में प्रीती के पति आदित्य के बड़े भाई मोनी व उनकी पत्नी दीप्ती के अलावा उसकी सास कमलेश कुमारी रहती हैं। सुबह १० बजे प्रीती के मोबाइल से मेरे पास फोन आया कि तुम्हारी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस पर हम सभी लोग यहां आये तो प्रीती के ससुराल वाले मौके से फरार हो गये।

किसी ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर कोतवाल कालूराम दोहरे ने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

मृतक के मायके वालों  ने सास कमलेश कुमारी, जेठ मोनी व पति अदित्य गुप्ता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है।

[adrotate banner="2"]