मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत नीवकरोरी पावर हाउस के निकट एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं मोटरसाइकिल सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विद्युत उपकेन्द्र के निकट मोहम्मदाबाद की ओर से संकिसा की तरफ तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर साने से आ रहे पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी व बाद में एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को घटना स्थल से भगा ले गया।
जानकारी के मुताबिक साइकिल सवार गनेश प्रसाद उर्फ चौधरी पुत्र झब्बूलाल निवासी कबीरपुर मोहम्मदाबाद की मौके पर ही मौत हो गयी। हीरो हाण्डा पैशन प्लस बाइक पर सवार राजेश पुत्र रामसनेही निवासी अठलखड़ा थाना बेबर, जनपद मैनपुरी भी गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नम्बर यूपी 84एच 4520 है। बाइक पर पुलिस लिखा हुआ है। स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने राजेश को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं साइकिल सवार गनेश प्रसाद के शव को लोहिया अस्पताल लाया गया।
बाइक पर साथ में मौजूद कलक्टर सिंह पुत्र सुमेर सिंह ने बताया कि राजेश सीमा पुलिस में हिमाचल में कांस्टेबल पद पर तैनात है। घर पर भागवत बैठी है इसलिए छुट्टी पर आये थे। कलक्टर सिंह को भी हल्की चोट लगी है।


