फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला न्यायाधीश नीरज कुमार , जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार और केंद्रीय कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीनों अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सीय सुविधाओं तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों की मौजूदगी से जेल प्रशासन में पूरे समय सतर्कता का माहौल बना रहा। निरीक्षण के दौरान जिला जज, डीएम और एसपी ने जेल चिकित्सालय का निरीक्षण कर बंदियों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं, उपचार व्यवस्था तथा चिकित्सकीय सुविधाओं का परीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुरुष एवं महिला बंदियों की बैरकों में पहुंचकर वहां की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का भी परीक्षण किया तथा भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जेल में निरुद्ध बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला जज, डीएम और एसपी ने जिला व केंद्रीय कारागार का किया औचक निरीक्षण
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



