चोक नाला खोलने की कोई समय सीमा नहीं: ईओ

0
113

फर्रुखाबाद: बीते तकरीबन 20 दिन से अधिक समय हो जाने के बाद भी नगर पालिका चोक नाले खोलने में सफल नहीं हो पायी। पूछे जाने पर नगर पालिका के ईओ ने कहा कि चोक नाला खोलने के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है।

[adrotate banner="3"]

विदित हो कि तकरीबन एक सप्ताह पूर्व नाला मछरट्टा पर जलभराव से परेशान नागरिकों ने जाम लगाकर नगर पालिका के ईओ आर डी बाजपेयी की पिटायी भी कर दी थी। मौके पर आला अधिकारियों ने पहुंचकर मामले को रफा दफा करा दिया था। इसके बाद भी घटना के कई दिन हो जाने के बाद नाला मछरट्टा पर स्थिति बद से बदतर है। नागरिकों को अभी भी जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। जगह-जगह से चोक हो चुका नाला मछरट्टा का नाला नगर पालिका के लिए सरदर्द बन चुका है। वहीं गंगा नगर कालोनी में आये दिन हो रही बारिश से जलभराव की स्थिति बन गयी है। शहर के छावनी मोहल्ले में तो बीते कुछ दिनों पूर्व चोक नाले से हुए जल भराव से संक्रामक रोग फैल चुके हैं लेकिन नगर पालिका के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रहा है।

इस सम्बंध में नगर पालिका के ईओ आर डी बाजपेयी ने बताया कि नाला मछरट्टा में कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों की लापरवाह होने की भी बात कही। ईओ ने बताया कि नाला मछरट्टा के जलभराव समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने कोई समय सीमा नहीं दी है। सफाई का काम फिलहाल जारी है।

[adrotate banner="2"]