चित्रकूट डिप पर बाढ़ के पानी में डूबने जा रहे नशेड़ी को पुलिस ने बचाया

0
19

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत एक युवक बाढ़ के पानी की ओर जाने लगा। मौके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की नजर युवक पर पड़ गई। पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए बाढ़ के पानी में उतरकर युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फर्रुखाबाद की ओर से एक युवक पैदल चित्रकूट डिप पर पहुंचा था। नशे की हालत में वह बाढ़ के पानी की ओर बढ़ने लगा। युवक को पानी में जाता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर ले आया। युवक के बाढ़ के पानी में जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते युवक को नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि युवक नशे की हालत में बाढ़ के पानी में जाने का प्रयास कर रहा था। पुलिसकर्मी ने तत्काल पानी में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक से पूछताछ कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]