चित्रकूट डिप पर तीन फीट पानी, बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग बंद

0
65

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से अमृतपुर तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हमीरपुर, बरुआ, इमादपुर सोमवंशी, बुड़िया भेड़ा, आशा की मढ़ैया, पूर्वी और पश्चिमी गोटिया, चित्रकूट, अमरपुर तथा खानपुर समेत कई गांवों में पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं, जबकि पशुओं के लिए चारे का संकट गहरा गया है। चित्रकूट गांव में हालात इतने खराब हो गए कि एक दर्जन से अधिक परिवार बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे के किनारे पॉलिथीन डालकर रहने को मजबूर हो गए। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, तहसीलदार शशांक सिंह, थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए समझाया। इसके बाद ग्रामीण राहत शिविरों में जाने के लिए तैयार हो गए। प्रशासन की ओर से रामनिवास स्कूल और महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में राहत शिविर बनाए गए हैं। वहीं, चित्रकूट डिप पर करीब तीन फीट पानी भर जाने के कारण बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। राजेपुर चौराहे और जमापुर चौराहे पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया है। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग ने सबलपुर गांव के पास अस्थायी शिविर लगाकर ग्रामीणों को दवाइयां उपलब्ध करानी शुरू कर दी हैं। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]