गौशालाओं के संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, भुगतान में देरी पर होगी कार्रवाई: डीएम

0
21

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं की व्यवस्थाओं, गोवंशों के संरक्षण, चारा, भूसा, हरे चारे, पेयजल, चिकित्सीय सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुसार गौ संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए गौ आश्रय स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि गोवंशों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सहभागिता योजना के तहत गोपालकों को गोवंश के रखरखाव का भुगतान समय से किया जाए। भुगतान में विलंब होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत एवं पंचायत सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं निर्माणाधीन गौशालाओं का कार्य लंबित रखने वाली कार्यदायी संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने वृक्षारोपण अभियान के तहत सभी गौशालाओं में छायादार वृक्ष एवं सहजन के पौधे लगाने के निर्देश दिए, जिससे गोवंशों को प्राकृतिक छाया और पौष्टिक आहार मिल सके। उन्होंने क्षेत्र पंचायत निधि से सभी विकास खंडों एवं नगर पंचायतों में कैटल कैचर खरीदकर आवारा पशुओं को पकड़कर गौ आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी गौशालाओं में चारा कटिंग मशीन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संरक्षित गोवंशों की संख्या वास्तविक उपस्थिति के अनुरूप होनी चाहिए तथा मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। आंकड़ों में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में पर्याप्त हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी करने के आदेश दिए। बैठक में निराश्रित गोवंशों को गौ आश्रय स्थलों तक पहुंचाने, सभी गोवंशों की शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार आदि रहे |

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]