गंगा स्नान के दौरान डूबा किशोर,तलाश जारी

0
47

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचालघाट स्थित पैंटून पुल के पास गंगा स्नान के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया।सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कर दी,जो देर शाम तक जारी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय अंकित पुत्र अमरचंद मूल निवासी दिल्ली अपनी ननिहाल गांव तुर्कीपुर थाना मउदरवाजा में आया हुआ था। सोमवार को वह अपने मामा वीरेंद्र नाना सुरेश नानी महारानी देवी छोटे भाई रोहन तथा बड़ी बहन साक्षी के साथ पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा था।
परिजनों ने बताया कि सभी लोग स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर 1 बजे अंकित अपने छोटे भाई रोहन के साथ दोबारा गंगा में नहाने चला गया। नहाते समय दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास कर रोहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंकित तेज धारा में लापता हो गया।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक अंकित का कोई सुराग नहीं लग सका था।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है|
थानाध्यक्ष कादरीगेट कपिल चौधरी ने बताया कि दो लड़के गंगा में डूबे थे। एक को सुरक्षित बचा लिया गया है जबकि दूसरे किशोर की तलाश गोताखोरों द्वारा लगातार की जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]