गंगा का जलस्तर 5 सेमी. घटा, बाढ़ की चपेट में 33 गांव

0
56

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में गंगा एवं रामगंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। सिंचाई विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार दिनांक 04 अगस्त 2026 को गंगा नदी का जलस्तर 136.90 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से ऊपर है। वर्तमान में जनपद के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
बाढ़ से तहसील सदर के 9, तहसील कायमगंज के 12 तथा तहसील अमृतपुर के 12 गांव प्रभावित हैं। इस प्रकार जनपद के कुल 33 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन प्रभावित गांवों में कुल 23,367 की आबादी तथा 4,855 परिवार प्रभावित हैं। प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए जनपद में 24 अस्थायी बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। वर्तमान में मंडी समिति रामसवाईद एवं रमानिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में संचालित शरणालयों में अब तक 240 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है तथा उनके भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 52 अस्थायी बाढ़ चौकियां भी सक्रिय रूप से संचालित हैं।
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तहसील सदर, कायमगंज एवं अमृतपुर के प्रभावित क्षेत्रों में कुल 50 नावें एवं 5 मोटरबोट तैनात की गई हैं। साथ ही एक टीम एनडीआरएफ तथा एक कंपनी पीएसी फ्लड यूनिट आवश्यक उपकरणों सहित तैनात है। आवश्यकता पड़ने पर 53 स्वयंसेवी गोताखोरों की सेवाएं भी ली जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 35 मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जिनमें अब तक 536 लोगों का उपचार किया जा चुका है। साथ ही 272 ओआरएस पैकेट एवं 896 क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया गया है। जनपद में एंटी स्नेक वेनम एवं अन्य आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पशुधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 11 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अब तक 79 पशुओं का उपचार तथा 3,804 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। साथ ही पशुओं के लिए चारा एवं भूसे की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी किनारे जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा कंट्रोल रूम से संपर्क करें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ निरंतर जारी हैं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]