फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के नव-निर्मित क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) में पहला सफल ऑपरेशन किया गया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. रोहित तिवारी के नेतृत्व में यह जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के नारायणपुर निवासी गंगासागर की 18 वर्षीय पुत्री राखी पिछले लगभग तीन वर्षों से सीने में गांठ की गंभीर समस्या से पीड़ित थी। परिजनों ने कई स्थानों पर उसका इलाज कराया, लेकिन उसे राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय लेकर आए।
अस्पताल पहुंचने पर वरिष्ठ सर्जन डॉ. रोहित तिवारी ने मरीज की विस्तृत जांच की और तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। नव-स्थापित क्रिटिकल केयर ब्लॉक के आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में इस जटिल शल्य चिकित्सा को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य बताई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर मरीज का हालचाल जाना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इसे जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। डॉ. सचिन, स्टाफ नर्स अनीता लाल, मेधा, मनोज और पूरी सर्जिकल टीम मौजूद रही। इस उपलब्धि के बाद अब जिले के मरीजों को जटिल सर्जरी और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में हुआ पहला सफल ऑपरेशन, 18 वर्षीय युवती को मिली नई जिंदगी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



