फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बीती रात करीब 2:30 बजे थाना राजेपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमैयापुर, थाना अमृतपुर निवासी23 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र रामशरण अपने भाई राधेश्याम पुत्र रामशरण के साथ ट्रैक्टर से ट्रॉली में गन्ना लादकर रूपापुर चीनी मिल (हरदोई) जा रहा था। ट्रैक्टर डबरी तिराहा पार कर
शाहजहांपुर की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक के चालक मोहम्मद खान पुत्र नियामद खान, निवासी मोहल्ला नया बांस, कस्बा व थाना बैर, जिला भरतपुर (राजस्थान) ने कोहरे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देखा और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के चलते गन्ना लदी ट्रॉली पलट गई, जिससे ट्रैक्टर पर बैठे नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो
गए। उन्हें तत्काल निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे मृतक नीरज के सगे भाई राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार लोहिया अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक व चालक को थाने पर लाकर कब्जे में ले लिया है। तहरीर प्राप्त होने पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि घटना को लेकर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है। मृतक का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवायी करायी जा रही है।



