नाला सफाई के दौरान हादसा, पालिका की जेसीबी नाले में गिरी

0
415

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की पोल एक बार फिर खुल गई। मोहल्ला लाल दरवाजा में नाला सफाई के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे जबरन बड़ी जेसीबी से नाला सफाई कराई जा रही थी, तभी नाले की कमजोर दीवार भरभरा कर गिर गई और जेसीबी सीधे नाले में जा गिरी। हादसे में जेसीबी चालक कन्हैया बाल-बाल बच गया। वहीं स्थानीय निवासी दीपक सिंह को करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। हादसे में कोरों की लकड़ी की तैयार खिड़की की चौखट (शीशा लगा हुआ) और घर की पुलिया की रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा हर साल नाले की दीवार का निर्माण कराया जाता है, लेकिन उसकी गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि एक बरसात भी नहीं झेल पाती और जगह-जगह टूट जाती है। बीते एक साल से नाले की सफाई नहीं हुई थी, जिससे गंदगी फैलने के कारण लाल दरवाजा वासियों को नरकीय जीवन जीना पड़ रहा था। मोहल्ले वासियों ने समय-समय पर चेयरमैन और सभासद से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जेएनआई न्यूज में समाचार प्रकाशित होने के बाद जब नाला सफाई की उम्मीद जगी, तो यह हादसा हो गया। लोगों का कहना है कि यदि खुले नाले में सीवर पाइप लाइन डाली जाए, तो स्थायी समाधान संभव है| गौरतलब है कि जेएनआई ने विगत दिनों खस्ताहाल सड़क और नाला सफाई की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद पालिका ने जेसीबी से नाला सफाई शुरू कराई, लेकिन घटिया निर्माण और जल्दबाजी ने एक और हादसे को जन्म दे दिया। स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई व नुकसान की भरपाई की मांग की है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]