फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के स्मृति दिवस को बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
भोलेपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष के निर्देशन में
श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जबकि मोहम्मदाबाद में पूर्व जिला अध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा के दिशा निर्देशन में बलिदान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोहम्मदाबाद के भारतीय इंटर कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में डिजिटल क्रांति की नींव राजीव गांधी के
कार्यकाल में रखी गई, जिसका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय में देश में पहला एटीएम शुरू हुआ, कंप्यूटर युग की शुरुआत हुई और संचार क्रांति का विस्तार हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देकर उन्होंने भारत को नई दिशा देने का कार्य किया। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेसियों ने बलिदान दिवस के रूप में मनाया राजीव गांधी स्मृति दिवस





