कचहरी गेट पर बैंक कर्मी ससुर का डाक्‍टर दामाद ने ईंट से सिर फोड़ा

0
103

फर्रुखाबाद: मुकदमे की पैरवी के लिए आए इलाहाबाद बैंक कर्मचारी ससुर को कचहरी गेट पर डाक्टर दामाद ने ईट मारकर लहूलुहान कर दिया। गुरुवार को पूर्वाह्न मारपीट से घायल हुए बैंक कर्मचारी को अधिवक्ताओं ने कोतवाली पहुंचाया। घटना के मामले में एक पक्ष की एनसीआर व दूसरे पक्ष का मुकदमा दर्ज किया गया है।

[adrotate banner="3"]

गुरुवार सुबह शहर के मोहल्ला गंगा नगर निवासी, इलाहाबाद बैंक कर्मचारी, उमेश कुमार गुप्ता (सोनम गैस एजेंसी, शमसाबाद) न्यायालय में अपनी पुत्री के मुकदमे की पैरवी के लिए आए थे। उनकी पुत्री का पति से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। उमेश गुप्ता के न्यायालय गेट पर पहुंचते ही पहले से खड़े दामाद डा. हेमंत ने अभद्रता कर ईट मार दी। सिर पर ईट के प्रहार से उमेश घायल हो गए। इस बीच हेमंत मौके से चला गया। घायल उमेश को अधिवक्ताओं ने बाइक पर बैठाकर थाने पहुंचाया।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंसूरीलाल सोनकर ने बताया कि घटना के संबंध में शहर कोतवाली के मोहल्ला गंगा नगर कालोनी निवासी उमेश गुप्ता की तहरीर पर आगरा, थाना सिकंदरा के मोहल्ला हरदीप निवासी डा.हेमंत विक्रम सिंह व उनके पिता डा. राजवीर सिंह के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई। जबकि डा. हेमंत विक्रम सिंह ने उमेश गुप्ता व उनके पुत्र अमित गुप्ता तथा पांच-छह अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी। डा. हेमंत विक्रम ने प्रार्थनापत्र एएसपी को दिया था। घायल उमेश गुप्ता व डा. हेमंत विक्रम सिंह का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया।

[adrotate banner="2"]