फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार दोपहर शहर के डिग्गी ताल क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर एसी की मरम्मत के दौरान कंप्रेशर फट जाने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र के मोहल्ला डिग्गी ताल स्थित आर इंटरप्राइजेज में एसी रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एसी का कंप्रेशर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि दुकान में मौजूद लोग दहशत में आ गए और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
हादसे में 40 वर्षीय नाजिम पुत्र नबी हसन निवासी नितगंजा, कोतवाली फर्रुखाबाद तथा 28 वर्षीय अत्ताउल्लाह पुत्र नावेदुल्लाह निवासी बाबरपुर, थाना मऊदरवाजा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा एसी की मरम्मत के दौरान तकनीकी कारणों से हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। थाना कादरीगेट प्रभारी निरीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित लोग हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हैं, जबकि घायलों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है।
एसी कंप्रेशर फटने से दो युवक झुलसे, मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



