आग लगने से पांच घरों की गृहस्थी जलकर राख

0
123

कमालगंज (फर्रुखाबाद): थाना कमालगंज क्षेत्र की ग्राम सभा बहोरनपुर टप्पा हवेली के मजरा जंजाली नगला में आग लगने से पांच ग्रामीणों की गृहस्थी स्वाहा हो गयी। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ही जैसे तैसे ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। आग में ग्रामीणों का लाखों रुपये का अनाज भूसा इत्यादि जलकर राख हो गया।

[adrotate banner="3"]

प्राप्त जानकारी के अनुसार जंजाली नगला निवासी आकाश के घर के पास बच्चे खेल रहे थे। तभी आकाश के घर के ही पास आग की अचानक लपटें निकलते देखी गयीं। आनन फानन में ग्रामीण भाग-भाग कर आग बुझाने लगे। जब तक आग पर काबू पा पाते आग ने तेजराम पुत्र कोकपाल, लालाराम पुत्र मथुरा प्रसाद, आकाश पुत्र धनीराम, राजाराम पुत्र मथुरा प्रसाद, बबलू पुत्र राजाराम के घरों को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग की सूचना दमकल कर्मियों को दी। लेकिन दमकल पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।

आग में तेजराम पुत्र कोकपाल, लालाराम पुत्र मथुरा प्रसाद, आकाश पुत्र धनीराम, राजाराम पुत्र मथुरा प्रसाद, बबलू पुत्र राजाराम के घरों में रखे गेहूं, भूसा, रजाई, चारपाई, किबाड़ इत्यादि जलकर राख हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि सबसे ज्यादा गरीब तेजराम का नुकसान हुआ है। तेजराम की पत्नी अंधी है। जंजाली नगला में पिछले वर्ष भी आग लगी थी। जिससे लाखों का नुकसान हो गया था। गांव में दो बार आग लग चुकी है। वहीं जंजाली नगला के ग्रामीण प्रति वर्ष बाढ़ की विभीषिका से गुजरते चले आ रहे हैं। जिससे पहले से ही उनकी माली हालत खराब है।  ग्रामीण जब तक अपना घरौंदा बना पाते हैं तब तक किसी न किसी प्राकृतिक प्रकोप से उनके सपने ढेर में बदल जाते हैं।

लेखपाल रमेशचन्द्र, कानून गो देवदत्त मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का मौका मोयना किया। ग्रामीणों को प्रशासनिक मदद दिलाने का भी भरोसा दिलाया।

[adrotate banner="2"]