अहमद के यहां अफ्तार के बाद सलमान ने दी मनोज के घर दस्तक

0
132

फर्रुखाबाद: केन्द्रीय कानून मंत्री व सांसद सलमान खुर्शीद ने शनिवार को सांयकाल एक ओर जहां अहमद अंसारी के आवास पर आयोजित अफ्तार में भाग लिया वहीं बाद में एमएलसी मनोज अग्रवाल के घर पर भी चाय का लुत्फ उठाया।

[adrotate banner="3"]

विदित है कि सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचे थे। विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद सायंकाल वह अहमद अंसारी के आवास पर आयोजित अफ्तार पार्टी में शरीक हुए। यहां पर डिनर के उपरांत सलमान खुर्शीद ने एमएलसी मनोज अग्रवाल के आवास पर सपत्नीक पहुंचकर राजनैतिक परिक्षेत्र में हलचल पैदा कर दी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में सम्पन्न नगर पालिका चुनाव में पालिका अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित मनोज अग्रवाल की पत्नी वत्सला अग्रवाल को अहमद अंसारी की पत्नी सलमा बेगम ने करारी टक्कर दी थी। चुनाव के दौरान सलमान व उनकी पार्टी ने सलमा बेगम को समर्थन दिया था।

श्री खुर्शीद के साथ गये कांग्रेसियों ने बाद में सफाई दी कि शनिवार को आहुत नगर पालिका की पहली बैठक में भाग लेने के लिए मनोज अग्रवाल व उनकी पत्नी वत्सला कई बार सलमान खुर्शीद को फोन कर चुके थे। सलमान खुर्शीद ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए असमर्थता व्यक्त की थी। बाद में समय मिलने पर शिष्टाचार भेंट के लिए मनोज अग्रवाल के घर चले गये थे।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां पर हुई अनौपचारिक वार्ता के दौरान सलमान खुर्शीद ने वत्सला अग्रवाल को केन्द्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिये जाने का आश्वासन दिया। लुईस खुर्शीद ने वत्सला अग्रवाल को प्रस्ताव बनाकर देने पर केन्द्र सरकार में पैरवी का भरोसा दिलाया।

[adrotate banner="2"]