अचानक बदला मौसम,पूर्वी यूपी में देर शाम,ग‍िरे इतने बड़े-बड़े ओले

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ :प्रदेश में शनिवार की देर शाम अचानक मौसम में बदलाव हुआ। तेज हवाओं के साथ प्रदेश मेें कई स्‍थानों पर बारिश व ओलावृष्टि हुई। जिससे फसलों के प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। रविवार को भी कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी आने के भी आसार हैं। हालांकि, राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग से जारी चेतावनी को लेकर किसानों के द‍िलों की धड़कन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बने सर्कुलेशन की वजह से मौसम में उठापटक हो रही है। रविवार तक इसका असर रहने की उम्मीद है। बलरामपुर के महराजगंज तराई व हरैया सतघरवा क्षेत्र में शनिवार देर शाम पानी व ओलों की बरसात हुई है। किसानों ने आशंका जताई है कि पानी व ओले ग‍िरने से खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ खलिहानों में रखी फसलों को भी नुकसान होगा। राजेश, लक्ष्मन, दिनेश व राजू का कहना है कि बरसात व ओला वृष्टि अधिक हुई तो खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल प्रभावित हो जाएगी इस बात को लेकर किसान चिंतित हैं।
तराई में 50 ग्राम तक गिरे ओले
बहराइच- शनिवार की देर रात तराई का मौसम बदल गया। गरज चमक के साथ तेज हवा चली। यहां 50 ग्राम तक ओले गिरे हैं। मौसम के बदले मिजाज और ओलावृष्टि से सरसों व खेतों में लगे गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है।
गोंडा में भी देर शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। बभनजोत क्षेत्र में ओला भी गिरा है। किसानों का कहना है कि इससे फसलों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है|
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 37.9 डिग्री रिकार्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। शनिवार को वायुमंडल में आद्र्रता 77 फीसद रही।