रक्षाबंधन पर बस अड्डे पर लगी बहनों की भीड़, सीएम योगी को बोला थैंक्स

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडबेज बस अड्डे पर अपने पीहर के घर जानें के लिए बहनों की भीड़ नजर आयी| अपने-अपने घरों को जाने के लिए बहनों में काफी उत्साह था। इस दौरान कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया, जिन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए बस यात्रा पूरी तरह से मुफ्त कर दी है।
शहर के लाल दरवाजे पर यात्रियों में महिलाओं की संख्या अधिक नजर आई। पूरा रोडवेज बस स्टैंड परिसर यात्रियों से खचाखच भरा हुआ था। डिपो परिसर में प्लेटफार्म पर बसों के खड़े होते ही चंद सेकेंडों में यात्रियों का हुजूम बसों पर टूट पड़ता। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क सफर करने वाली महिला यात्रियों ने कहा कि सरकार के इस फैसले से वे बेहद खुश हैं। महिला के साथ सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने पर उन्होंने सरकार के फैसले का स्वागत किया। शहर के लाल दरवाजा निवासी रानी, ठंडी सड़क निवासी फातिमा,भोलेपुर निवासी गौरी,बेबर रोड निवास वंदना ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए वे अपने मायके जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुक्त यात्रा को लेकर वे और भी ज्यादा उत्साहित हैं।