सपा व्यापार सभा जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों का प्रदेश अध्‍यक्ष के सामने शक्‍तिप्रदर्शन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल रविवार को निरीक्षण भवन पहुंचे। जहां उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जनपद में उनके संगठन का कोई जिलाध्यक्ष नहीं है और यदि कोई फर्जी लैटर पैड लेकर अपने आपको जिलाध्यक्ष बताने की बात कहता है तो उसके खिलाफ पार्टी स्तर पर कार्यवाही की जायेगी। जबकि व्यापार सभा का जिलाध्यक्ष बनने के लिए कई दावेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने शक्ति प्रदर्शन किया।

समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल दोपहर बाद निरीक्षण भवन पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बात के दौरान कहा कि जिले में सपा व्यापार सभा का कोई अध्यक्ष नहीं है और यदि कोई अपने आपको अध्यक्ष बताता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। सांसद नरेश अग्रवाल के द्वारा चलाये जा रहे सपा जिला उद्योग व्यापार संगठन के बारे में पूछे जाने पर श्री अग्रवाल ने कहा कि नरेश अग्रवाल उनकी पार्टी के सांसद हैं और वह जो भी संगठन चलायेंगे, पार्टी उनका विरोध न करके वल्कि समर्थन करेगी।

इस समय चर्चा में चल रहे एफडीआई के मुदेद पर बोलते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार एफडीआई का पूर्ण रूप से विरोध करती है। यह खुदरा व्यापारियों के हित में नहीं है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि केन्द्र में सरकार बनने के बाद एफडीआई को पूर्ण रूप से हटा दिया जायेगा। फिलहाल उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में एफडीआई को लागू नहीं किया गया। जो इसका जीता जागता उदाहरण है।

प्रदेश अध्यक्ष अपने स्वागत से बहुत गदगद थे। सपा व्यापार सभा के प्रदेश गोपाल अग्रवाल के सामने जिला अध्यक्ष पद के दावेदार पंकज गुप्ता, विमल गुप्ता और सचिन यादव ने समर्थकों के साथ शक्‍ति प्रदर्शन किया।  विमल गुप्ता का नाम लिखी हुई कई गाड़ियाँ दौड़ रहीं थीं। महानगर अध्यक्ष पद के लिए दीपक गुप्ता शहर के अपने साथियों के साथ आये थे। उनके मुकाबले में संजय चावला ने भी नगर अध्‍यक्ष के लिये दावेदारी की।

कार्यक्रम में मनीश गुप्ता, विजय गुप्ता, पंकज गुप्ता, केशव गुप्ता, अमित गुप्ता ने गोपाल अग्रवाल को तलवार व पगड़ी भेंट की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर, जिला महासचिव समीर यादव के अलावा अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।