टाडा बहरामपुर मामले में एसओ के निलंबन के लिए भाजपा ने कमर कसी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज के ग्राम टाडा बहरामपुर में बीते 31 अगस्त को पुलिस द्वारा टिंकू जाटव की पत्नी मालती की सुपुर्दगी को लेकर पुलिस द्वारा ग्रामीणों के साथ मारपीट व फायरिंग की घटना हो जाने से खिसियाये ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष कमालगंज के साथ मारपीट कर दी थी। जिसको लेकर पुलिस का उग्र रवैया बीती बुधवार रात को उग्र हो गया था। जिसके चलते पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर अभियुक्तों को पकड़ने की आड़ में गांव में बेकसूर ग्रामीणों को पुलिस द्वारा पीटने, महिलाओं की अस्मत पर हाथ डालने, उनके साथ लूटपाट करने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। जहां एक ओर मीडिया ने इस घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया वहीं दूसरी तरफ खबर मिलने पर राजनीतिक हस्तक्षेप भी अब टाडा बहरामपुर में शुरू हो गया है। जिसके चलते गुरुवार को टाडा बहरामपुर पहुंचकर भाजपाइयों ने जहां ग्रामीणों से उनके उत्पीड़न की कहानी सुनी। तत्पश्चात भाजपाइयों ने आज पुलिस अधीक्षक से भेंट कर थाना कमालगंज के निलंबन व दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ लूट, मारपीट का मुकदमा पंजीकृत करने की बात कही।

भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत के नेतृत्व में तकरीबन दो दर्जन भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक नीलाब्जा चौधरी से मिले और उन्होंने घटना के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच करायी जाये। जांच के दौरान किसी भी निर्दोष ग्रामीण का उत्पीड़न न किया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा की गयी लूटपाट, मारपीट, तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाये तथा थानाध्यक्ष कमालगंज को तत्काल निलंबित किया जाये। भाजपाइयों ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि छत से फेंकने के कारण गंभीर रूप से घायल कांतीदेवी पत्नी स्व0 मनीराम लोधी का समुचित इलाज कराने की भी बात कही। इसके अलावा अन्य कई मांगों के साथ पुलिस अधीक्षक से लिखित में प्रार्थनापत्र सौंपा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने काफी हद तक माना कि पुलिस ने चार पांच घरों में ही बल प्रयोग किया। अन्य घरों में एसी कोई घटना नहीं हुई। फिर भी अगर जानकारी में कोई गड़बड़ है, जांच करायी जायेगी। दोषियों के खिलाफ कार्यवाही होगी।चाहे वह ग्रामीण हो या पुलिस।

एसओ निलंबित नहीं हुए तो आंदोलन करेगी भाजपा: जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ने जेएनआई को बताया कि भाजपाई खुद घटना स्थल पर गये थे। पुलिस अधीक्षक पूरी बात मानने को तैयार नहीं। उन्होंने कहा कि इस तरह से अगर थानाध्यक्ष पिटेंगे तो पुलिस व्यवस्था बिगड़ जायेगी। जिस पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि व्यवस्था तो कानून से चलती है। लेकिन जब पुलिस खुद कानून तोड़ रही तो फिर व्यवस्था कैसे चलेगी। जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत ने पुलिस अधीक्षक से कहा है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर शीघ्र से शीघ्र कार्यवाही न होने पर भारतीय जनता पार्टी आंदोलन व धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होगी।