कमालगंज के टाडा बहरामपुर में पुलिस व ग्रामीणों के बीच पथराव, फायरिंग, एसओ कमालगंज घायल

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम टाडा बहरामपुर में दहेज उत्पीड़न के मामले में न्यायालय के आदेश पर युवती को बरामद करने पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की झड़प हो गयी। जमकर हुई मारपीट के बाद ग्रामीणों व पुलिस के बीच ईंटपत्थर चले। पुलिस द्वारा फायरिंग किये जाने की भी सूचना मिली है।ग्रामीणों का अरोप है कि पुलिस फायरिंग में एक युवती घायल हुई है। घटना में थानाध्यक्ष कमालगंज घायल हो गये जिन्हें कमालगंज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

 टाडा बहरामपुर निवासी महेश जाटव के पुत्र टिंकू जाटव की कायमगंज के ग्राम कुबेरपुर निवासी लखमी जाटव की पुत्री मालती से विवाह हुआ था। बीते कई दिनों से मालती का ससुराल में विवाद चल रहा था। जिसका कोर्ट में महिला के पिता ने ससुराली जनों के विरुद्ध अपनी पुत्री का दहेज के लिये उत्पीड़न व उसको बंधक बनाये जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। कोर्ट के आदेश पर आज शुक्रवार को कमालगंज थाने से हलका इंचार्ज राजकिशोर अवस्थी सिपाही श्रीकृष्ण के साथ सरिता के पिता लखमी चंद्र व एक युवक को लेकर टाडा बहरामपुर गांव में सरिता को बरामद करने पहुंचे।

जहां पर ग्रामीणों ने पुलिस के साथ आये युवक को देखकर सरिता को लेजाने का विरोध करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के साथ गये युवक के सरिता से संबंध हैं, इसी के कारण सरिता अक्सर अपने मायके में ही रहती है। ग्रामीणों के विरोध पर दरोगा ने कोर्ट के आदेश के दम पर अपनी पुलिसिया ऐंठ दिखानी शुरू कर दी। गुस्साये ग्रामीणों की सिपाही से झड़प होने लगी। जिस पर ग्रामीणों ने सिपाही श्रीकृष्ण के साथ बदसलूकी कर दी। इस बात की सूचना दरोगा राजकिशोर ने थानाध्यक्ष कमालगंज सुनील तिवारी को दी।  थानाध्यक्ष अपने पुलिस फार्स के साथ टाडा बहरामपुर गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मारपीट करनी शुरू कर दी। जिससे गुस्साये ग्रामीणों व पुलिस के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के बाद पुलिस व ग्रामीणों में जमकर पथराव हुआ। पथराव के बाद पुलिस द्वारा ग्रामीणों पर फायरिंग करने की भी सूचना मिली है। इस दौरान ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष सुनील तिवारी की लात घूसों से जमकर पिटायी भी की। ग्रामीणों के हमले में थानाध्यक्ष कमालगंज सुनील तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गये। सिपाही श्रीकृष्ण, हलका इंचार्ज राजकिशोर अवस्थी भी मामूली घायल हो गये। जिन्हें पुलिस पार्टी ने कमालगंज चिकित्सालय में भर्ती कराया हैं जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस फायरिंग में महेश जाटव की पुत्री सरिता घायल हो गयी।

घटना की सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गयी। उच्चाधिकारियों को सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। फिलहाल पुलिस टाडा बहरामपुर के लिए गयी है।

कायमगंज: थाना कायमगंज के ग्राम कुबेरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार लखमी जाटव आज गांव के ही एक युवक शवेज के साथ मोटरसाइकिल से कमालगंज गये थे। किसी प्रकार जान बचाकर लौटे लखमी चंद्र काफी भयभीत हैं। बताया जाता है कि शवेज दिल्ली के लिये निकल गया है।