पुरुषोत्तमी पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़ से हाइवे जाम, श्रद्धालुओं पर पुलिस का लाठी चार्ज

Uncategorized

फर्रुखाबाद: घटियाघाट गंगा तट पर पुरुषोत्तमी पूर्णिमा पर हजारों की भीड़ उमड़ने से घटियाघाट जाने वाली मुख्य सड़क बरेली इटावा मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर तक जाम लग गया। घटियाघाट तट पर प्रति महीने होने वाली पूर्णिमा व अमावस्या पर हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए उमड़ते हैं। जिससे महीने में दो बार जाम की स्थिति पैदा होती है। जिसके लिए आज तक प्रशासन ने कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं किये हैं और न ही गंगा स्नान के दिनों में अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था की जाती है। जिससे हर बार श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। वहीं बरेली इटावा हाइवे पर जाम लगने से दूर दराज के यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार को जब जलगभग तीन घंटे के जाम में फंसे लोग उकताने लगे तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिये लगे सिपाहियों ने लाठी चार्ज कर दिया।

शुक्रवार को पुरुषोत्तमी पूर्णिमा का शुभ दिन होने के कारण घटियाघाट गंगा तट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह-सुबह ही उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी ज्यादा हो गयी कि बरेली से इटावा जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गयीं। श्रद्धालुओं का मानना है कि पुरुषोत्तमी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने की प्रथा तो वैसे पुरानी है। यह दिन स्वास्थ्य लाभ व धन लाभ प्रदान करता है। इसी के चलते घटियाघाट गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते जाम लग गया।
वहीं प्रशासनिक लापरवाही इतनी की लगभग तीन घंटे से लगे जाम को किसी भी अधिकारी ने खुलवाने का प्रयास नहीं किया। मात्र दो ट्रैफिक सिपाही ही जाम को खुलवाते दिखे। प्रशासनिक लापरवाही से यात्री व श्रद्धालु चिलचिलाती धूप में घंटों जाम में फंसे रहे। प्रति माह होने वाली पूर्णिमा व अमावस्या के दिनों में घटियाघाट मार्ग पर जाम लगना तय माना जा रहा है। यह बात प्रशासनिक अधिकारियों व ट्रैफिक पुलिस को भी भलीभांति मालूम है लेकिन इसका स्थायी समाधान कोई भी नहीं निकाला गया है।

मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी भी जाम में फंसे
घटियाघाट गंगा तट पर प्रातः से ही पूर्णिमा स्नान करने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ व प्रशासन की लचर व्यवस्था के चलते कई किलोमीटर लम्बा जाम लग गया। जिसमें पूर्व मंत्री नकुल दुबे व कई प्रशासनिक अधिकारी भी फंसे हैं।

घटियाघाट चौराहे से लेकर जमापुर मोड़ तक फंसी रोडवेज बस, ट्रैक्टर व अन्य प्राइवेट वाहनों के लिए जहां कई किलोमीटर लम्बा जाम सिरदर्द बना हुआ है वहीं जाम में फंसे बसपा के पूर्व मंत्री नकुल दुबे व कई प्रशासनिक अधिकारी कई घंटे गुजरने के बाद भी जाम से नहीं निकल पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन अपना गुस्सा बाइक सवारों व पैदल यात्रियों पर निकाल कर अपनी ड्यूटी पूरी करते नजर आ रहे हैं। कई महिलायें व श्रद्धालु गर्मी की बजह से अचेत होकर गिर गये। कई बाइक सवार गिरने से घायल हो गये। सुबह से ही घटियाघाट पर जाम लगना शुरू हो गया था लेकिन लापरवाह पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते वाहन निकासी या पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था न होने से कई किलोमीटर लम्बा जाम लगा।