प्रधान मंत्री नैतिकता के आधार पर दें त्यागपत्र : भाजपा

Uncategorized

फर्रुखाबाद : कोयला आवंटन घोटाले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मैन बाजार चौक पर प्रधान मंत्री का पुतला फूंका। वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। कांग्रेसी मंत्रियों द्वारा लगातार घोटाले पर घोटाले किया जा रहा है। टूजी स्प्रेक्ट्रम घोटाला, कामनवेल्थ गेम घोटाला व आदर्श सोसायटी घोटाले जैसे तमाम बड़े घोटालों को अभी देश की जनता भुला नहीं पाई थी। तब तक कोयला घोटाले का जिन्न बोतल के बाहर निकलने लगा। निश्चित तौर पर कोयला घोटाले के बारे में प्रधानमंत्री को जनता को जवाब देना चाहिए एवं नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए।

भारतीय किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील शाकय ने कहा कि देश का नौजवान, व्यापारी, किसान सहित सभी वर्गो के लोग महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से पीड़ित व आक्रोशित है वहीं केंद्र सरकार व उसके मंत्री घोटालों में व्यस्त व मस्त है। लाखों करोड़ों रुपये का कोयला आवंटन घोटाला देश के इतिहास को कलंकित करने का कार्य कर रहा है। भास्कर दत्त द्विवेदी ने कहा कि अब पानी सिर से उपर चला गया है। वक्त आ गया है भ्रष्टाचारियों को जवाब दिया जाए।

इस दौरान भाजपाइयों ने चौक बाजार पर पहले जमकर नारेबाजी की। तत्पश्चात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पुतले में आग लगा दी। इस दौरान अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, सत्यपाल सिंह, चित्रा अग्निहोत्री सहित दो दर्जन भाजपाई मौजूद रहे।