अवकाश के बाद भी खुले रहे कई स्कूल

Uncategorized

फर्रुखाबाद: रमजान का आखिरी जुमा पर शहर में कई स्कूल प्रशासनिक छुट्टी होने के बावजूद बेखौफ खुले रहे। सुबह से लेकर स्कूलों में बच्चों को प्रति दिन की भांति पढ़ाया गया।

अलविदा का जुमा होने की बजह से शहर में सभी मस्जिदों में अलविदा की नुमाज के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी ने कल ही सर्वधर्म बैठक में कह दिया था कि किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। वहीं दूसरी तरफ शासन के आदेश के बाद जुमे को जनपद के सभी सरकारी कार्यालय स्कूल व प्राइवेट विद्यालय बंद रहेंगे। इसके बावजूद भी फतेहगढ़ क्षेत्र के बनखड़िया स्थित आर डी पब्लिक स्कूल को सुबह से ही बेखौफ खोल दिया गया। धड़ल्ले से प्रबंधक रामेश्वरदयाल शाक्य व प्रधानाचार्य चन्द्रकिशोर शाक्य विद्यालय में मौजूद थे।

इस सम्बंध में पूछे जाने पर प्रबंधक रामेश्वरदयाल ने कहा कि मेरे कलेण्डर में छुटी न होने की बजह से स्कूल खोला गया। शहर में अन्य कई स्कूल भी खुले हैं। इस बजह से हम अपना विद्यालय खोले हैं। प्रधानाचार्य चन्द्रकिशोर शाक्य ने बताया कि आज छुट्टी के सम्बंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। न ही प्रशासन से इस सम्बंध में उन्हें कोई सूचना मिली। उन्होंने बताया कि विद्यालय आज आधे दिन तक खुलेगा बाद में बंद कर दिया जायेगा।

इस सम्बंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी भगवत पटेल ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार स्कूल खुलना नहीं चाहिए। कुछ अंग्रेजी माध्यम स्कूल जिनकी मान्यता बेसिक शिक्षा कार्यालय से नहीं है यह उनकी मर्जी पर निर्भर करता है। लेकिन हिन्दी माध्यम स्कूल जिनकी मान्यता बेसिक शिक्षा कार्यालय से है उन्हें विद्यालय बंद करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके बावजूद स्कूल खुला है तो उस पर कार्यवाही की जायेगी।