सियासी अफ्तार: एक ही दस्तरख्वान, फिर भी हावी रहीं पार्टियां

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शनिवार को शहर में हाजी अहमद अंसारी के आवास पर आयोजित रोजा अफ्तार का रंग उसमें आमंत्रित मेहमानों के कारण काफी हद तक सियासी ही नजर आया। एक ही दस्तरख्वान पर बैठने के बाद भी पार्टियां हावी रहीं। कांग्रेसी एक तरफ, बसपाई दूसरी ओर व सपाई अलग।

नगर के एक प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता हाजी उमर के सुपुत्र अहमद अंसारी विगत नगर पालिका चुनाव में अपनी पत्नी सलमा बेगम को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाने व हार के बावजूद सम्मानजनक वोट पाने के बाद से ही  सक्रिय हैं। विदित है कि सलमा बेगम को चुनाव के दौरान कांग्रेस व सपा ने घोषित रूप से समर्थन दिया था। अहमद अंसारी विगत विधान सभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी उमर खां को जी जान से चुनाव लड़ा चुके हैं। सो उनके तीनों ही पार्टियों में ठीक ठाक रुसूख हैं। अहमद अंसारी के आवास पर शनिवार को रोज़ा अफ्तार का आयोजन किया गया था।  शहर का पहला बड़ा रोजा अफ्तार था। सो उसमें सांसद सलमान खुर्शीद के अतिरिक्त पूर्व बसपा विधायक ताहिर सिद्दीकी व उमर खां के अतिरिक्त काफी संख्या मं सपाई भी मौजूद थे।

अब इतने बहुत सी सिसायी हस्तियां मौजूद हों तो आयोजन का रंग सियासी तो हो ही जाना था। सो दस्तरख्वान पर भी पार्टियां हावी रहीं। सांसद सलमान खुर्शीद व उनकी पार्टी के लोग एक तरफ मौजूद दिखे, तो बसपा के पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी व उमर खां अपने समर्थकों के साथ दूसर कोना दाबे रहे। इस बीच सपाइयों की महफिल भी अलग नजर अयी। हां अहमद अंसारी जरूर एक अच्छे मेजबान की तरह सबका ख्याल रखते नजर आये। कुछ चलता पुर्जा लोग अवश्य तीनों गुटों के लोगों से सलाम दुआ करते दिखे।