ग्राम पंचायत के खाते से नावें खरीदने की प्रधानों ने की मांग

Uncategorized

फर्रुखाबाद: विकासखण्ड राजेपुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी से ग्राम पंचायत खाते से नावें खरीदने की मांग की है। प्रधानों ने बाढ़ से होने वाली कई अन्य परेशानियों से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया है।

प्रधानों ने मांग की है कि बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में राहत कार्य हेतु नाव खरीदने के लिए ग्राम पंचायत खाते से व्यय की अनुमति प्रदान की जाये। ग्रामों की गलियों में ट्रैक्टर से मिट्टी डलवाने की अनुमति दी जाये। बाढ़ प्रभावित गांवों में पेयजल हेतु जल निगम / ग्राम पंचायतों द्वारा हैण्डपम्प लगवाये गये हैं। हैण्डपम्पों के बाढ़ के पानी में डूब जाने से पेयजल की भीषण समस्या उत्पन्न हो जाती है जिससे हैन्डपम्पों को ऊंचा कराये जाने के निर्देश जलनिगम को दिये जाये। जिससे बाढ़ पीड़ितों को पेयजल की समस्या से न जूझना पड़े। बाढ़ प्रभावित गांवों में व्यक्तियों व पशुओं को सम्बंधित दवा वितरित कराने की समुचित व्यवस्था करायी जानी चाहिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गरीब जनता को अतिरिक्त राशन, चीनी, मिट्टी का तेल इत्यादि आवंटित किया जाये। जिससे बाढ़ पीड़ितों को कम से कम परेशानी हो।

मांग करने वालों में जैनापुर के प्रधान कुंवरपाल, कंचनपुर के प्रधान रामवरन, बीरपुर हरिहरपुर की प्रधान रामलली, चाचूपुर के प्रधान रामकुमारी, इकबाल खां, चंदा बेगम, चन्दा खां, हाकिम सिंह, निर्मलादेवी, गुड्डीदेवी, जगदीश, अशोक कुमार आदि प्रधान शामिल हैं।