स्कूल चलो रैली से शिक्षक आधी दूरी से गायब, बच्चों ने ही संभाला मोर्चा

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): विकासखण्ड कमालगंज से स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत ब्लाक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी ने बच्चों की रैली को बीआरसी केन्द्र से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों के साथ अध्यापक आधी दूरी तक तो चले गये लेकिन गर्मी अधिक होने व धूप के कारण अध्यापक बीच में ही रैली से खिसक लिये। आखिरकर छोटे-छोटे बच्चों ने ही पूरी रैली को अंजाम तक पहुंचाया।

मंगलवार को स्कूल चलो अभियान उस समय फ्लॉप होता दिखायी दिया जिस समय रैली निकालने वाले अध्यापक ही रैली से कतराते दिखे। ऐसे में देखने वालों ने भी यही कहा कि यह मात्र खानापूरी ही हो रही हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार को ब्लाक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी ने झण्डी दिखाकर बीआरसी केन्द्र कमालगंज से स्कूल चलो अभियान रैली रवाना की। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कमालगंज, प्राथमिक विद्यालय कमालगंज, पूर्व माध्यमिक कन्या विद्यालय कमालगंज, कन्या पाठशाला के बच्चे शामिल रहे।

रैली मुख्य मार्ग से होते हुए छपट्टी वाले बाग तक थाने से अंदर गलियों में घूमते हुए बीआरसी केन्द्र पर खत्म हो गयी। अधिक गर्मी व धूप के कारण रैली से शिक्षक आधी दूरी से ही गायब हो गये। बच्चों ने आखिरी दम तक रैली को अंजाम दिया।
नगर अध्यक्ष राजबेटी शंखवार के पति कृष्णकुमार शंखवार रजीपुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात हैं लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी की जगह पर आकर रैली में खाना पूरी की। जोकि पूरे समय भर चर्चा का विषय बनी रही।