रमजान में शाम 7 से सुबह 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति करने की मांग

Uncategorized

फर्रुखाबाद: रमजान के पाक महीने में विद्युत आपूर्ति को लेकर मुस्लिम भाइयों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को कमालगंज के लगभग दो दर्जन लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मांग की कि मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से करायी जाये। जिस पर जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी ने जेई को फोन कर शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति किये जाने के निर्देश दिये।

शिकायत लेकर आये लोगों का कहना था कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। इसमें मुसलमान रोजे रखते हैं व इवादत करते हैं। जिससे सुबह 3बजे से रोजा रखने के लिए सहरी की जाती है और 5 बजे फीजर की नमाज के बाद आम मुसलमान नित्य कार्यों में व्यस्त हो जाता है और शाम को सात बजे रोजा अफ्तार का कार्यक्रम होता है और मगरिब की नमाज होती है। इसके बाद रमजान का सबसे विशेष आयोजन सभी मस्जिदों में 9 बजे से रात 11 बजे तक तरावी में पवित्र कुरान हाफिजों द्वारा सुनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि उपरोक्त कार्यक्रमों के आधार पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक बिजली की महती आवश्यकता है। जिस पर जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी ने मौके पर ही जेई को फोन पर निर्देश दिये कि कमालगंज क्षेत्र में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से की जाये।

ज्ञापन देने वालों में अब्दुल मुवीनपुरी, कयामुद्दीन, नायाब, नियाज, मोहम्मद वसीम, ज्याउद्दीन, रिजवान आदि शामिल रहे।