वोट के ठेकेदारों की जान सांसत में, बूथवार होगी मतणना

Uncategorized

फर्रुखाबाद: नगर पालिका चुनाव में शराब व नोटों के बदले वोट दिलाने का ठेका लिये बैठे बिचौलियों के लिये बुरी खबर है। निर्वाचन आयोग ने अपने पूर्व आदेशों को संशोधित करते हुए अब बूथवार मतगणना के आदेश जारी कर दिये हैं। प्रत्येक बूथ के मतों में पहले वार्ड सभासद व फिर अध्यक्ष पद के मतों की गणना की जायेगी।
विदित है कि पूर्व में राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका चुनाव में मतो की गणना वार्डवार सभी मतदोयस्थलों की मतपेटिकाओं के मतों को मिलाकर करने के निर्देश दिये थे। आयोग ने इस संबंध में व्यवस्था की दृष्टि से जो नये दिशा निर्देश दिये हैं, उनमें अब मतों की मिक्सिंग किये बिना बूथवार मतों की गणना के आदेश दिये गये हैं। एक ही वार्ड के सारे बूथों की मतगणना एक ही मेज पर की जायेगी। पहले एक बूथ की मतपेटिका खोली जायेगी। उसके सारे मतपत्रों को रंगों के आधार पर अलग किया जायेगा। यदि किसी बूथ पर एक से अधिक मतपेटियों का उपयोग हुआ हो तो उस बूथ की समस्त मतपेटिकायें एक साथ एक ही मेज पर खोली जायेंगी। वार्ड सभासद व अध्यक्ष पद के मतों की अलग अलग 50 -50 मतों की गड्डियां बनायी जायेगीं। उनकी गणना के बाद उसी वार्ड के दूसरे बूथ की मतपेटी खोली जायेगी।
प्रत्येक मतगणना टेबिल पर एक पर्यवेक्षक व तीन गणकों की ड्यूटी लगायी जायेगी। मतगणना हेतु गणना टेबिलों की संख्या का निर्धारण भी स्थानीय जिला प्रशासन पर छोड़ दिया गया है। निर्देश यह हैं कि व्यवस्था इस प्रकार की जाये कि पूरी गणना आठ या दस घंटों में पूर्ण हो जाये।
जनपद स्तर पर मतगणना की तैयारियां भी प्रशासन ले लगभग पूर्ण कर ली हैं। नगर मजिस्ट्रेट भगवानदीन ने शुक्रवार को डीएन डिग्री कालेज स्थित स्ट्रां रूम का जायजा लिया, व तैयारियों की समीक्षा की।