चार घरों में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख

Uncategorized

जहानगंज (फर्रुखाबाद): थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम भड़ौसा में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में चार घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गयी। वहीं खलील की पुत्री की शादी को रखा सामान भी जलकर राख हो गया। भयंकर आग की सूचना देने के बावजूद फायरबिग्रेड मौके पर नहीं पहुंची। गांव वालों ने भारी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

ग्राम भड़ौसा निवासी खलील पुत्र लियाकत हुसैन की बेटी नूरशमां की बारात 9 जून को आनी थी। खलील की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। आज बुधवार को खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी छप्पर पर जा गिरी। जिससे छप्पर में आग लग गयी। आग लगने से शादी का सामान जलकर राख हो गया। घरेलू सामान भी जल गया। पड़ोस में रह रहे विकलांग अवरार पुत्र इस्माइल के भी घर में आग लग गयी। अवरार के लड़के लालू की शादी पिछले वर्ष हुई थी। जिसकी शादी में मिला दहेज जलकर राख हो गया।
इसके बाद विधवा फराहना के घर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। फराहना बेगम पत्नी स्व0 शादिक अली के घर में रखे दो मोबाइल, 20 हजार रुपये नगदी, घर में रखे गेहूं, अनाज आदि जलकर राख हो गया। शादिक के घर मे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। नाजमा पत्नी अच्छू हुसैन का लड़का दिल्ली से आया था जिन्होंने 10 हजार रुपये छप्पर में रख दिये थे। अच्छू हुसैन का बेटा भी आग में झुलस गया। जिसे प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

आग लगते ही पूर्व प्रधान मजरुददीन उर्फ मझऊ ने अपने घर का समर जनरेटर से चलाकर आग पर काबू पाया लेकिन फायर बिग्रेड को सूचना देने के बावजूद नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है।