पुलिस की लापरवाही से तड़प-तड़प कर अधेड़ की मौत

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास स्थित हिन्दुस्तान होटल के सामने तेज धूप में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में घंटों तड़प-तड़प कर एक अधेड़ की मौत हो गयी। अधेड़ के सड़क पर गिरते ही सम्बंधित चौकी पुलिस को सूचना दी गयी लेकिन सूचना देने गये व्यक्ति को पुलिस कर्मियों ने डांट डपट कर भगा दिया।

हिन्दुस्तान होटल के सामने अचानक साइकिल और बाइक सवारों की भीड़ लग गयी। रोड के किनारे तेज धूप में एक अधेड़ व्यक्ति लम्बी-लम्बी हिचकियां ले रहा था। स्थानीय लोगों ने एक दूसरे से कानाफूसी करते हुए कहा कि पुलिस को सूचना कर दो। हिन्दुस्तान होटल के सामने चाय बेचने वाला व्यक्ति मनोज आवास विकास चौकी पर तड़प रहे व्यक्ति की सूचना देने पहुंच गया। उसने तिराहे पर खड़े पुलिसकर्मियों से तड़प रहे व्यक्ति के बारे में बताया। दोपहर की गर्मी में भिन्नाये पुलिसकर्मियों ने मनोज को गालीगलौज कर भगा दिया।

लगभग एक घंटे तड़पने के बाद अधेड़ की रोड़ पर ही मौत हो गयी। आश्चर्य की बात यह है कि दो घंटे तक मृतक के पास कोई भी पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा जबकि घटना स्थल से आवास विकास चौकी चंद कदमों की दूरी पर है। मृतक के हाथ पर कल्याण सिंह शाक्य लिखा है। मृतक हाथीखाना फतेहगढ़ का निवासी बताया गया है।

मोबाइल पर सीओ सिटी विनोद कुमार को सूचना दी गयी। तब जाकर शहर कोतवाल विजय बहादुर सिंह पहुंचे और मृतक का शव लोहिया अस्पताल में शवगृह में रखवा दिया गया। विजय बहादुर सिह ने बताया कि शव की शिनाख्त होने का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच की जायेगी।