एक कुन्तल सामग्री से यज्ञ कर प्रसन्न किये गये मारुत नंदन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: हनुमान मंदिर भोलेपुर में एक कुन्तल हवन सामग्री से मारुति भक्तों ने यज्ञ कर वातावरण को सुगंधित कर दिया। यज्ञ में शहर के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।

हनुमान जयंती पर भोलेपुर स्थित हनुमान गढ़ी पर बाबा बालकदास के सानिध्य में हवन का आयोजन किया गया। जिसमें तकरीबन एक कुन्तल सामग्री की आहुतियां दी गयीं। यज्ञ में मंदिर में आये सभी श्रद्धालु भाग ले रहे थे और सुन्दरकाण्ड की चौपाइयां पढ़ यज्ञ किया गया।

शाम को शुरू हुए इस यज्ञ में शहर के कोने-कोने से आये श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर प्रार्थना की। वहीं युवतियों में भी इस बार हनुमान जयंती को लेकर काफी उत्साह दिखा। मारुति के खास पसंदीदा बेसन के लड्डू की भी विक्री खूब हुई व मंदिर में साधु संतों को भोजन भी कराया गया। लोगों ने मंदिर में दान इत्यादि कर पुण्य लाभ कमाया।

मंदिर के महंत बाबा बालकदास ने बताया कि यज्ञ से हमारे मन और वातावरण से दूषितपन दूर होता है और मन को शांती मिलती है। यज्ञ में डाली गयीं आहुतियां सीधे देवताओं को प्राप्त होती हैं। जिससे देवता प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनायें पूरी करते हैं और मनुष्य के अंदर इच्छा शक्ति का विकास होता है। यज्ञ से निकला धुआं आंखों के लिए भी विशेष लाभकर है।