जानलेवा स्कूल बनवा रहे सरकारी मास्टर

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): मास्टर साहब को केवल स्कूल बना कर अधिक से अधिक कमीशन बटोर लेने की जल्दी है| भले ही इस काम से बच्चो का जीवन खतरे में पड़ जाए| न संवेदना बची है और न ही अधिकारिओ का खौफ| सब पैसे बटोर लेने की फिराक में ऐसे लगे कि ईमान तक बेच बैठे फिर वो अफसर हो या मास्टर| पूर्व माध्यमिक विद्यालय गगनी में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। वहीं निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री अमानक है। स्लेव पर एक सरिया ही डाली जा रही है। वहीं कमालगंज क्षेत्र के अधिकतर निर्माण कार्य एक ही ठेकेदार राजेश यादव को दिये जाने पर भी उंगली उठायी जा रही है।

पूर्व प्राथमिक विद्यालय गगनी में कराये जा रहे निर्माण कार्य में स्लेव सिंगल सरिया व घटिया मसाले से डाली जा रही है। विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली हुई है। विद्युत पोल रूम में ही छोड़ दिया गया। भवन श्रीमती नीरज यादव के नाम एलॉट करा लिया गया। जबकि नीरज यादव प्रसूति अवकाश पर है। ठेकेदार प्रधानाध्यापक दुधियामऊ के राजेश यादव कामकाज करा रहे हैं। कागजों में नीरज यादव भवन प्रभारी हैं। जोकि राजेश यादव की भाभी हैं।
वहीं समदपुर में राजेश यादव द्वारा रसोईघर एक वर्ष पूर्व बनवाया गया था। जिसका पेमेंट निकाल लिया गया है लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया है।
रसीदपुर में अतिरिक्त कक्ष भी राजेश यादव बनवा रहे हैं। इन्होंने कोनो पर सिर्फ एक-एक सरिया डलवाकर लीपापोती करवा दी गयी है। कमालगंज में स्कूलों के निर्माण कार्य का 70 प्रतिशत कार्य राजेश यादव करते हैं। एबीएसए सुमित कुमार सारा काम इन्हीं को दे देते हैं। राजेश यादव अपने तैनाती स्थल दुधियामऊ पढ़ाने नहीं जाते है वल्कि अपनी जीप से पूरे दिन निर्माण कार्यों में ही लगे रहते हैं।