बाबू सिंह के भाजपा में आने पर मुझे कोई आपत्ति नहीं: उमा

Uncategorized

फर्रुखाबादः बीते दिन फर्रुखाबाद के नबावगंज में जनसभा संबोधित करने के बाद उमा भारती ने रात्रि विश्राम भाजपा नेता रावेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डे के यहां किया। प्रातः पत्रकार वार्ता में यह बात उमा भारती ने कही।

कुछ दिन से मीडिया में बाबू सिंह कुशवाह के आने से नाराज उमा भारती के अग्रिम दौरे रद्द कर देने व भाजपा का प्रचार न करने की खबरें सुर्खियों में चल रहीं थीं। जिसको आज उमा भारती ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि बाबू सिंह कुशवाह के भाजपा में आ जाने से मुझे कोई आपत्ति नहीं है। दौरा रद्द होने का मुख्य कारण मेरे स्वास्थ्य का सही न होना है। उमा भारती ने बताया कि अचानक मौसम परिवर्तन के कारण उनका स्वास्थ्य खराब हो गया था। जिस कारण आगे के दौरे रद् द कर दिये गये। स्वास्थ्य सही होने पर पुनः भाजपा का प्रचार करेंगी। आज सुबह उनसे मिलने जिले के कई भाजपा नेता पहुंचे।

प्रेस वार्ता के दौरान उमा ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को कमरे से बाहर निकाल दिया। कल्याण सिंह को लेकर उमा भारती भावुक होकर बोलीं कि कल्याण सिंह (बाबू जी) से मेरे सम्बंध राजनीतिक नहीं वल्कि पारिवारिक हैं। उन्होंने कल्याण सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि कल्याण सिंह का कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता। बाबू सिंह कुशवाह को पार्टी में शामिल करने का निर्णय पार्टी आला कमान का है। उमा ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि पार्टी सिर्फ भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर ही चुनाव लड़ेगी, जाति पाति से उसका कोई लेना देना नहीं है।