अनियंत्रित बाइक को बचाने में ट्रैक्टर ट्राली पलटी, डेढ़ दर्जन घायल, वृद्धा की मौत

Uncategorized

कायमगंज(फर्रुखाबाद): अचानक सामने आई एक असंतुलित बाइक को बचाने के चक्‍कर में ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया। ट्रैक्‍टर पर सवार होकर लगभग दो दर्जन से अधिक लोग दुर्घटना का शिकार हो गये। जिससे 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना स्थल पर देखने वालों की भारी भीड़ जमा हो गयी।

 थाना कम्पिल क्षेत्र के गांव गौर खेडा निवासी देवी भक्त जात करने के लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर कन्नवास वेलौन जा रहे थे। जब वे मार्ग में कम्पिल क्षेत्र के ही गांव जिनौल के पास पहुंचे तभी अचानक सामने से उन्हें एक अनियंत्रित बाइक अपनी ओर आती दिखायी दी। जिसे देख ट्रैक्टर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी प्रयास में सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर से ट्रैक्टर भी असंतुलित हो गया और उसकी ट्राली पलट गयी। जिससे ट्रैक्टर सवार लगभग दो दर्जन से अधिक लोग ट्राली के नीचे दब गये। चीख चिल्लाहट की तेज आवाजों से राहगीर रूक गये और ट्राली में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू हो गया। इस घटना में शान्ति देवी, रामनाथ, गीता, उमेश, गुलाब, नाथूराम, राजेश्वरी, विनीता, विमला, सुनीता, बाबूराम, गीता, मुन्नी देवी, रामसेवक, महेन्द्र, गुलाबो देवी निवासीगण गांव गौरखेडा, अरविन्द, आकांक्षा, निवासी खिनमिनी थाना नबावगंज गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायलों को कायमगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना स्थल पर ही छन्नो देवी (70) की दर्दनाक मौत हो गयी। अस्पताल में घायलों का इलाज शुरू हो गया। वहीं घायल विनीता, मुन्नीदेवी, बाबूराम, रामनाथ, विमला देवी, राजवेटी, गीता, राजधनी की हालत चिंताजनक देखते हुए लोहिया अस्पताल फर्रूखाबाद के लिए रिफर कर दिया।