जिला पंचायत से बन रहे अमानक सम्पर्क मार्ग को प्रधान ने रुकवाया

Uncategorized

फर्रुखाबाद:(कमालगंज)|| विकास खंड कमालगंज के ग्राम भटपुरा में देवरान गढ़िया मार्ग से कव्रिस्तान तक लगभग १७५० मीटर लम्बे सम्पर्क मार्ग में मानकों की अनदेखी किये जाने के आरोप में ग्राम प्रधान ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है|

विदित है कि जिला पंचायत की ओर से कमालगंज ब्लाक के ग्राम भटपुरा में देवरान गढ़िया मार्ग से आजाद नगर कव्रिस्तान तक १७५० मीटर लम्बे सम्पर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है| निर्माण कार्य का ठेका मुकेश यादव नामक ठेकेदार को दिया गया है निर्माण कार्य में अनियमितिता की शिकायतें पूर्व में भी की जा चुकी हैं|

ग्राम प्रधान बाहुद्दीन ने बताया कि सड़क पर मानक के अनुसार स्टोन डस्ट के स्थान पर ठेकेदार द्वारा मिट्टी डालकर कार्य कराया जा रहा था| जिसको आज उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से रुकवा दिया है| इसकी सूचना जिला पंचायत व जिला अधिकारी को भी दे दी गयी है|

उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस सम्बन्ध में वह शिकायत कर चुके हैं| जिला पंचायत के अवर अभियंता श्री शर्मा ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस दिया जा चुका है| यदि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप न किया गया तो ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जायेगी|